प्रिंस शर्मा
रूड़की/हिंदुस्तान समाचार
खानपुर के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने नहर किनारे स्थित कैंप कार्यालय पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों पर उनकी पुश्तैनी जमीन पर गलत तरीके से अपना मालिकाना हक जताने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर भू माफियाओं से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है और मामले में मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
आपको बता दें कि रुड़की स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि लंढौरा में एक भूमि जोकि उनके दादा बलवंत सिंह के नाम दर्ज है और पुराने समय में महल बनाने के लिए उस भूमि में ईंट भट्टा लगाया गया था। कुछ समय बाद भट्टा बन्द हो गया और तब से अब तक उस भूमि पर कृषि होती चली आ रही है।
उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण वह उक्त भूमि पर अपना नाम दर्ज नहीं करवा सके लेकिन अब कुछ दिन पहले तीन व्यक्तियों ने जो कि भूमाफिया किस्म के व्यक्ति हैं एक खतौनी दिखाते हुए उनकी पुष्तैनी भूमि को अपना बताने लगे। उन्होंने बताया कि जबकि भूमि उनकी है और उसके ऊपर कब्जा भी उन्ही का चला आ रहा है।
साथ ही साथ उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनगो की भूमिका भी संदिग्ध हैं जिसने पहले एक दस्तावेज में भूमि पंचायत की बताई और फिर भू माफियाओं की बताई। उन्होंने कहा कि वह अपनी ओर से उस अधिकारी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करवाएंगे।