प्रिंस शर्मा/काजल चौधरी
रुड़की/हिंदुस्तान समाचार।।
रुड़की के जीवनदीप आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी यतिंद्रानंद महाराज के द्वारा 10 मार्च से पंचकुंडीय महारुद्र यज्ञ का आयोजन चल रहा है जिसमें आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंग धामी का स्वागत किया। सीएम धामी ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि आज उन्हें महारुद्र यज्ञ में शामिल होने का मौका मिला है।
यज्ञ का उद्देश्य विश्व का मंगल करना है और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महाराज जी का समय-समय पर उन्हें आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहता है। उन्होंने कहा कि महाराज जी का संपूर्ण जीवन भारत माता और धर्म के प्रति समर्पित है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस महारूद्र यज्ञ में सम्मिलित होने वाले सभी लोगों की मनोकामनाएं पूरी होने की वह भगवान से प्रार्थना करते हैं।
वहीं आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पत्रकारों द्वारा सवाल पूछने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पांचो सीटें भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीतने जा रही है।